सितंबर 18, 2008

तीजन बाई .....

बीते मंगलवार को तीजन बाई का प्रोग्राम देखने का अवसर मिला.यूँ तो तीजन जी को टी वी पर कई बार देखा था मगर मंच से उनका प्रोग्राम देखने का अवसर पहली बार मिल रहा था. अपने नियत समय से वे लगभग एक घंटे देर से पहुँची.मगर मंच पर उनके आते ही वातावरण बिल्कुल बदल गया. अपनी मंडली के साथ जैसे ही वे मंच पर पहुँची हॉल में तालियाँ बज उठी. उनके साथ संगीत मंडली थी और पाँच संगीतकार जो तीजन जी का साथ दे रहे थे वे भी मंजीरा, तबला,ढोलक,बैंजो, हर्मोनिअम जैसे परम्परावादी संगीत यंत्रों के साथ मौजूद थे. तीजन जी ने महाभारत के उस प्रसंग की प्रस्तुति की जिसमे कि " दुर्योधन- भीम के गदा युद्ध " होता है और किस तरह भीम दुर्योधन का वध कर के महाभारत के 18 दिन के विकराल युद्ध को समाप्त करते हैं. सचमुच मज़ा आ गया. तीजन जी की परफोर्मेंस बहुत ही एनेर्जेटिक थी. पांडवानी (पांडवों की वाणी) की इस गायिका ने छत्तीसगढ़ी जुबान में महाभारत की प्रस्तुति कर पूरे विश्व (इंग्लैंड,जर्मनी, पेरिस,फ्रांस .....) इस लोक कला का परचम फहराया है.दुनिया के बहुत से देशों में उनके प्रोग्राम होते ही रहते हैं. अगर हम पांडवानी शैली का तकनीकी पक्ष देखें तो इस कला को दो तरीके से प्रस्तुत किया जाता है -एक कापालिक शैली और दूसरी वेदमती. तीजन जी कापालिक शैली की गायिका हैं.उन्हें 1988 में पदम् श्री,1995 में संगीत नाटक अकादमी अवार्ड और 2003 में पदम् भूषण से नवाजा गया है. 1956 में भिलाई के पास एक छोटे से गांवमें जन्मी तीजन जी को पांडवानी शैली की शिक्षा अपने नाना ब्रिज लाल से मिली. बाद में महान रंगकर्मी हबीब तनवीर ने उन्हें भरपूर मौके देकर उनको स्टार बना दिया. बाद में उन्हें दुनिया में अपनी कला दिखने का अवसर मिला. अब तो वे डॉक्टर भी हैं........ये अलग बात है कि वे ख़ुद को मंच से निरक्षर बताने में कोई संकोच नही करती. पांडवानी की इस महान गायिका को लोक कलाओं के इतिहास में सदैव अत्यन्त सम्मान के साथ देखा जाएगा.

सितंबर 13, 2008

लाल टिब्बा पर पिज्जा...

लाल टिब्बा भी क्या कमाल की जगह है. मसूरी का सबसे ऊंचा प्वाएंट यही है......वैसे इसका नाम रेड हिल है मगर लोकल भाषा में इसे लाल टिब्बा ही कहा जाता है. कहते हैं की मसूरी सबसे पुरानी बस्ती यही है.लाल टिब्बा जाने का प्रोग्राम भी अचानक ही बना...मेरे छोटे भाई की तरह मुकुल ने मुझसे फोन पर कहा "आज लाल टिब्बा चलना है " मैंने पूछा कोई खास बात है वहां ....मुकुल ने कहा "सुना है वहां पिज्जा बहुत अच्छा मिलता है आज वही पिज्जा खायेंगे" .
मुझे हमेशा से ऐसे प्रोग्राम अच्छे लगते हैं ..हम चार -पाँच लोग लाल टिब्बा के लिए 11 बजे निकल लिए मैं, अंजू, मुकुल और मुक्ता....काफिला चल पडा लाल टिब्बा की ओर...मसूरी से बमुश्किल 6 किमी. चलने के बाद लाल टिब्बा आने वाला था कि रास्ते में एक खूबसूरत सा चर्च मिला. इतवार का दिन होने कि वजह से काफी भीड़ भाड़ थी कुछ देर हम वहां रुके...कानों में प्रार्थनाओं के स्वर गूंजते रहे यह केल्लोग चर्च था जो 1903 में बनाया गया था बहुत ही अच्छा लग रहा था...पता किया तो बताया गया कि लाल टिब्बा थोड़ा आगे ही है... हम आगे बढे ....सिस्टर मार्केट कि तरफ़ जाने के लिए किसी ने कहा ......हम सिस्टर मार्केट कि तरफ़ चल दिए. बताना चाहूँगा 'सिस्टर मार्केट' दरअसल इस जगह को इसलिए कहा जाता है क्यूंकि यहाँ अँगरेज़ काल में हॉस्पिटल था और अंग्रेजों के आला अफसरों का इलाज़ यहीं होता था..इलाज़ करने वाली सिस्टर अपनी सामान्य खरीददारी यहीं करती थी तभी से इस जगह का नाम सिस्टर बाज़ार पड़ गया....हम सिस्टर बाज़ार पहुंचे . नज़र दौडाई तो देखा दूरदर्शन और आल इंडिया रेडियो का टॉवर भी यहाँ है 7700 फीटी ऊंचाई पर यह टावर वाकई हैरान कर देने वाला तथ्य था. 1975 में यह टावर यहाँ स्थापित किया गया था (शायद भारत में सबसे ऊपर दूरदर्शन का टावर यही है) इतवार का दिन होने कि वज़ह से स्कूली बच्चे तो नही दिखे मगर लोगों ने बताया कि इस एरिया में मिशनरी स्कूल बड़ी संख्या में हैं. मुकुल ने जानकारी दी कि पिज्जा वाली दुकान का नाम देवदार होटल है....हम लोग देवदार पहुंचे सीधी ऊँचाई पर यह होटल बिल्कुल पुराने डाक बंगलों की तरह बना हुआ था. बड़े बड़े कमरे बीच में अलाव सुलगाने की जगह ..ऊंची ऊंची छतें सुनसान तिब्बती शक्लों वाले बैरे ...हमें अब तक भूख भी लग चुकी थी मौसम खुशगवार था हमने देवदार के अन्दर पिज्जा खाने की बजे इस होटल के बहार खड़े विशालकाय पेड़ के नीचे कुर्सिओं पर बैठकर पिज्जा खाने का मन बनाया ........पिज्जा खाने का यह अनुभव भी जोरदार रहा......आर्डर लेने के करीब 40 मिनट के बाद पिज्जा परोसा गया ...पिज्जा भी बिल्कुल देसी तरीके से बना था ......पिज्जा का बेस काफी पतला और डिजाइनदार था.......हमने इस बड़े पिज्जा को बड़े चाव से खाया......शायद 7500 फीट की ऊंचाई पर पिज्जा खाने का ये शानदार अनुभव था .......जल्दी ही फ़िर आने का वादा कर हम इस लाल टिब्बा को सलाम कर वापस हो लिए...जल्दी मिलेंगे लाल टिब्बा...........सलाम लाल टिब्बा

सितंबर 06, 2008

मसूरी की बरसात

कल रात मसूरी में जबरदस्त बरसात हुई. हालांकि हमें यहाँ आए लगभग एक सप्ताह होने को जा रहा था लेकिन मौसम में मसूरी वाली बात नही आ पाई थी. रात में बहुत ज्यादा ठंडक भी नही थी और बरसात तो बिल्कुल भी नही थी. हम शाम जैसे ही मॉल रोड पर शौपिंग के मकसद से पहुंचे तो बूंदे गिरना शुरू हो गयी और अगले आधे घंटे के बाद बरसात अपने पूरे शबाब पर थी.हम लोग मॉल रोड पर दुकानों के बहार पड़े हुए शेड के नीचे खड़े हो गए और भीगने से बचने की नाकामयाब कोशिश करते रहे. बहरहाल मसूरी भारत की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है......हर तरफ़ हरियाली...शांत ......महानगरों वाला शोर सुनकर पक चुके कानों के लिए शांत वातावरण ... .
मसूरी मैं पहले भी आ चुका हूँ मगर वो सब दो-चार दिन वाले प्रवास थे...इस बार तो एक लंबा समय यहाँ गुज़रना है......मसूरी को लेकर एक क्लाविता लिखी है शायद आपको पसंद आए....

मसूरी
एक निहायत खूबसूरत दोशीजा
इसकी पेशानी पर सूरज की बिंदी है
तो
तमाम तराशे हुए कुहसार
उसके अल्हड़पन के गवाह हैं.
मसूरी
जब ये सुबह चाँदी के वर्क से
ढके बादलों की चुन्नी ओढ़कर आती है
तो और भी खूबसूरत हो जाती है.
मसूरी
कभी शाम को सिन्दूरी ओढ़नी
पहनती है ....
वाह क्या नक्शबंदी है.
यहाँ की बरसात
ऐसा लगता है
कि मसूरी ने अपने जज़्बात
इसके आब में घोले हैं
मोती से बिखर जाते हैं
जब बरसात होती है
जी चाहता है
इस मीठी मासूम बरसात में ता उम्र भीगते रहें.......
================================
कुहसार= पहाड़
आब= पानी
नक्शबंदी= आर्ट

अगस्त 28, 2008

पारिवारिक मूल्य

कल रात हम आइस क्रीम खाने निकल पड़े. खाना खाने के बाद अक्सर रात में परिवार के साथ इस तरह का लघु रतजगा हमेशा अच्छा लगता है. आइस क्रीम के बहाने बीबी - बच्चों के साथ बहस मुबाहिसें भी हो जाती हैं...दिन भर के ऑफिस के झंझटों से दूर हटकर कुछ समय अपने व्यक्तिगत जीवन के लिए भी मिल जाता है. मैं हमेशा ही इस बात का घोर समर्थक रहा हूँ की हर आदमी को अपने परिवार पर ज्यादा से ज्यादा ध्यान देना चाहिए. इस भागती दौड़ती जिंदगी में अक्सर हम अपनी महत्त्वाकांक्षाओं को परिवार की कीमत पर पूरा करने की कोशिश करते हैं. मत भूलिए इस आपा - धापी में आप अपने लक्ष्य पा भी ले मगर आपकी पत्नी- बच्चों -माँ- भाई -बहन- बाप के साथ रिश्ते कहीं बोझिल होते जाते हैं और इसका एहसास बहुत बाद में हो पाता है. आप अपनी रेस जीतने के लालच में अपने परिवार के अन्य सदस्यों की खुशियों के साथ अन्याय करते जाते हैं. सिंगल फॅमिली सिस्टम के बाद तो जीवन मूल्यों में इस कारण और भी गिरावट आयी है. हमारी आने वाली पीढीयों को यदि अच्छे संस्कार नही मिल पा रहे हैं तो निश्चित ही हमारी तरफ़ से कोई कमी की जा रही है.....याद करिए हम जब छोटे बच्चे थे तो रात को अपनी दादी- नानी के पास लेट जाते थे और कहानी सुनने की फरमाइश करते थे दादी - नानी की कहानियों में मनोरंजन के साथ साथ जीवन के तमाम सिद्धांत भी हम सिख जाते थे .... परिवार में माहौल भी काफी डेमोक्रेटिक हुआ करता था ....हर एक की बात का महत्त्व था. अब तो जो कमाऊ सदस्य है वही घर को अपने कायदों से चलाने की कोशिश करता है. मैं आप सबका ध्यान इसलिए इस विषय की ओर लाना चाहता हूँ क्योंकि परिवार को पारिवारिक मूल्यों के साथ चलाने के अपने सुखद फायदे हैं......बच्चों के साथ-परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लोकतांत्रिक बनिए उनकी इच्छाओं का आदर करके देखिये आपको सचमुच संतुष्टी का एहसास होगा.

अगस्त 26, 2008

राजगुरु एक अद्भुत क्रांतिकारी

आज अखबारों में प्रकाशन विभाग द्वारा एक विज्ञापन देखने को मिला.ये विज्ञापन "जो शहीद हुए हैं उनकी ज़रा याद करो कुर्बानी " नाम से प्रकाशित हुआ था. विज्ञापन में सूचना दी गयी थी की आज (२५ अगस्त ) को दो क्रांतिकारियों पर दो पुस्तकों का विमोचन किया जा रहा है. ये दो महान क्रांतिकारी हैं- एक खुदीराम बोस और दूसरे राजगुरु. राजगुरु की ये जन्म शताब्दी वर्ष भी है. राजगुरु वो महान क्रांतिकारी है जिन्होंने अपने साथियों के साथ भारतीय स्वतंत्रता के संघर्ष में जबरदस्त योगदान दिया.भारतीय स्वाधीनता संग्राम में तीन नाम अक्सर एक साथ लिए जाते हैं भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव. इतिहास में सुखदेव और राजगुरु को शायद वो स्थान नहीं मिल सका जो भगत सिंह को हासिल है. यह साल राजगुरु की जन्म सदी का है लेकिन सिर्फ उनके गांव को छोड़ कर कहीं भी कोई समारोह शायद ही हुआ हो. इस दिशा में कुछ गंभीर आयोजन किया जाना आवश्यक होगा ताकि नयी पीढी इन अमर बलिदानियों से कुछ सीख सके . राजगुरु का जन्म 24 अगस्त 1908 को महाराष्ट्र में पुणे ज़िले के खेड़ा गांव में हुआ था जिसका नाम अब राजगुरूनगर हो गया है. भगत सिंह और सुखदेव के साथ ही राजगुरु को भी 23 मार्च 1931 को फांसी दी गई थी.अब उनकी जन्म शती के अवसर पर भारत सरकार का प्रकाशन विभाग उन पर संभवत पहली बार कोई किताब प्रकाशित कर रहा है. चलिए देर से ही सही लेकिन इस महान क्रन्तिकारी त्रयी के एक अद्भुत सदस्य राजगुरु की सुध तो ली गई. इस सराहनीय प्रयास के लिए न केवल प्रकाशन विभाग धन्यवाद का पात्र है बल्कि उस लेखक को भी कोटि कोटि बधाई है जिसने इस क्रन्तिकारी की जीवन लीला से हमें परिचय कराया है.

अगस्त 23, 2008

खुदा हाफिज़ गाजियाबाद.

गाजियाबाद से मेरा रिश्ता बहुत ज्यादा नही रहा बमुश्किल १० माह का ये साथ रहा. गत नवम्बर में ही यहाँ आया था और अब चलने का तकाजा सामने है .....इस शहर से मैं बहुत ज्यादा नही जुड़ सका एक शेर है न " सुनते थे बहुत ........काटा तो एक कतरा लहू भी न निकला"....वाली हालत रही मेरी नज़र में इस शहर की ....जिसे भी देखिये एक अंधी दौड़ का हिस्सा बना हुआ है....किस प्रोपर्टी की कीमत कितनी हो गयी... इसी बहस मुबाहिसे में पड़े लोग..................जगह जगह हार्न - हूटर की आवाजें और उनमे बीच में किसी अम्बुलेंस की सायरन की आवाज़ और उससे अनजान लोग......हर गली मोहल्ले में इंजिनीरिंग - डॉक्टरी संस्थानों के बड़े बड़े होर्डिंग, जो आने वाली पीढ़ी को बेबकूफ बनाने पर आमादा हैं........एनसीआर का दम भरते लोग जो आने वाले कोमन वेल्थ गेम्स को लेकर अति उत्साहित हैं उन्हें लगता है कि जैसे ही ये गेम शुरू होंगे उनके दिन अचानक बहुर जायेंगे.............और वे अचानक किसी दूसरे लुभावने ग्रह पर चले जायेंगे.........अपराध-अपराधिओं की एक अच्छी शरण स्थली......... .इसी बीच एक और ख़बर मिली कि साहेब ये शहर भारत की 6थ सबसे बड़ी एमर्जिंग सिटी भी है......तो और भी हैरानी हुई जैसे हरिया हर्कुलिस (वही मनोहर श्याम जोशी वाला) को हुई थी.
गाजियाबाद दरअसल दो विपरीत परिस्थितियों से जूझता शहर है ...एकतरफ माल कल्चर है दूसरी तरफ़ अभी भी झुग्गी झोपडी बड़ी मात्रा में हैं..... उसी सड़क पर लैंड क्रूसर है तो उसी सड़क पर बैलगाडी और टट्टू भी...... बड़ी अजीब सी हालत है पैसे के पीछे भागते बदहवास से लोग......
.................. लेकिन मैं इस शहर का यही रूप देखूंगा तो शायद गलती होगी. इस शहर की सबसे ख़ास बात ये है कि हर आदमी को यहाँ पनाह है...जो लोग दिल्ली को अफोर्ड नही कर सकते उनके लिए ये शहर नया जीवन है सस्ते का सस्ता और दिल्ली वाले भरपूर मज़े भी.......साहित्य के क्षेत्र में यहाँ कुंवर बेचैन, पराग के सम्पादक देवसरे जी, गायिका विद्या भारति हैं कुछ बड़े जर्नलिस्ट भी हैं और उद्योग पति होना तो लाजिमी है ही .......इन सबसे ऊपर सुरेश रैना है जो भारत के नए क्रिकेटर हैं....इससे पहले यहाँ के मनोज प्रभाकर अच्छा खासा नाम कमा चुके हैं ....... व्यक्तिगत तौर पर मैं इस शहर का आभारी भी हूँ क्योंकि यहाँ मेरी मुलाक़ात उन चन्द लोगों से हुई जिन्होंने मुझे जीवन को देखने का एक नया तरीका दिया...और कुछ लोग ऐसे भी हैं जो मेरे दिल के करीब भी आए......दोस्त भी बने.......एक साथ मै इन सबके नाम लू तो ज़ाहिर है कुछ नाम तुंरत उभरते हैं......दीपक अग्रवाल, सर्व जीत राम, ओपी शर्मा, जे पी जैन, डॉ जय हरी, कुंवर बेचैन, कमलेश भट्ट, संजय तिवारी, ओझा, आशु गुप्ता, बिमल दुबे, विकाश, मनोज, रजनीश राय, राजपाल सिंह जी,अशोक अग्रवाल, सुदेश शर्मा.( हो सकता है की कुछ नाम जल्दवाजी में छूट भी गए हो ). इस शहर में आकर अपने कुछ पुराने दोस्तों से भी मुलाक़ात हो गयी...प्रो. रोहित,संजू भदौरिया, मोहित और सबसे ऊपर १९९७ बैच के वित्त अधिकारी पवन जी से जो मुझे बेहद पसंद हैं.
तमाम शिकायतों के बावजूद इस शहर को इतनी आसानी से भूला भी नही जा सकता.......आख़िर आई ऐ एस भी तो यहीं से बना हूँ जो मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है... १ सितम्बर से जब मै ट्रेनिंग पर मसूरी जा रहा हूँ तो शहर की तमाम खट्टी मीठी यादें मेरे साथ हैं......दुनिया गोल है शायद कुदरत फ़िर गाजियाबाद से मिलाये .................अहमद फ़राज़ का एक शेर है
फ़िर इसी राह गुज़र पर शायद
हम कभी मिल सकें मगर शायद,
जो भी बिछुडे हैं कब मिले हैं फ़राज़
फ़िर भी तू इन्तिज़ार कर शायद....
................इन्ही उम्मीदों के साथ खुदा हाफिज़ गाजियाबाद.

अगस्त 21, 2008

एक और सोना चाहिए ....

बड़ी मुश्किल है इन चैनल वालों की ......इनकी praathmiktaayen अब तक clear नही है । sushil kumar के bronze पदक जितने के baawazood उनका dhyaan क्रिकेट पर ही रहा ,बल्कि क्रिकेट को ही jyada tarzih दी । कहाँ ९ देश क्रिकेट khelte हैं और हम bamushkil जीत paate हैं wahin २०५ deshon के olympic me पदक जितना बड़ी achievment है। भारत के ओलंपिक इतिहास में बुधवार का दिन बेहतरीन रहा बुधवार दोपहर इलेक्ट्रानिक मीडिया के माध्यम से बीजिंग ओलंपिक से भारत को कुश्ती में कास्य पदक मिलने की सूचना मिली। जहाँ पहलवान सुशील कुमार ने कांस्य पदक जीता और बॉक्सर विजेंदर कुमार का कांस्य पदक पक्का हो गया. पदक तालिका में भारत के नाम के आगे ओलंपिक खेलों में तीन पदक पहली बार दिखाई देंगे.बुधवार को जहां विजेंदर कुमार ने मुक्केबाज़ी के क्वार्टर फ़ाइनल में जीतकर कांस्य पदक सुनिश्चित किया वहीं सुशील कुमार ने कुश्ती में कांस्य पदक जीत लिया. पश्चिमी दिल्ली के बापरौला गांव निवासी सुशील कुमार के कुश्ती में कास्य पदक जीत लिया. इससे पहले 1952 में भारत के केडी जाधव ने कांस्य पदक जीता था. सुशील कुमार ने 75 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक के लिए हुए मुक़ाबले में कज़ाखस्तान के पहलवान लियोनिड स्पिरदोनोव को हराया. अब to हमारी nigaahen vijendar पर लगी हैं। 75 किलोग्राम वर्ग में विजेंदर ने बड़ी ही सधी शुरुआत करते हुए इक्वेडोर के मुक्केबाज़ कार्लोस गोंगोरा को 9-4 से हरा दिया. पहले राउंड में विजेंदर ने सधी हुई मुक्केबाज़ी करते हुए दो अंक जुटाए. दूसरे राउंड में भी वो रुक रुक कर मुक्के लगाते रहे और चार अंक जुटा लिए. तीसरे राउंड में गोंगोरा काफी थके हुए दिखे जिसका फ़ायदा विजेंदर ने उठाया और गोंगोरा को हराने में सफलता प्राप्त की. गोंगोरा को मामूली मुक्केबाज़ नहीं हैं, वे चार बार यूरोपीय चैंपियन रहे हैं. इस जीत के साथ ही विजेंदर सेमी फाइनल में पहुंचे गए हैं और उनका कांस्य पदक पक्का हो गया है, हो सकता है कि अगले मैचों को जीतकर वे रजत या स्वर्ण पदक के दावेदार बन जाएँ.